सिद्धार्थनगर में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्राविधिक) भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जनपद में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3253 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा और आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव सहित परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी, केंद्र प्रभारी, प्रधानाचार्य और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच सुनिश्चित करने और परीक्षा अवधि के दौरान उनके लगातार संचालन पर जोर दिया। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण और वितरण की व्यवस्था पूरी सतर्कता के साथ करने को भी कहा गया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की पूर्व समीक्षा कर ली जाए। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह आठ बजे से शुरू होगा, जबकि सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित अन्य निषिद्ध सामग्रियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों की लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेंद्र कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, केंद्र प्रभारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।












