श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्चे अभय की मौत हो गई। बीते शुक्रवार को सेमरी चौराहे के पास घर के सामने खेल रहे अभय को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली भिनगा से इकौना की ओर जा रही थी और उस पर शटरिंग का सामान लदा था। टक्कर से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग बच्चे को तत्काल इकौना ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बहराइच रेफर किया गया। बहराइच से भी डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान बीती रात करीब 12 बजे बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पोस्टमार्टम के बाद जब आज शनिवार को मासूम का शव घर पहुंचा तो पूरे गांव में गम का माहौल था।परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया जबकि आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया था। चालक ने बच्चे के इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया और लखनऊ तक परिजनों के साथ गया। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि लखनऊ में वह शौच जाने के बहाने फरार हो गया और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। परिजनों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक भिनगा की ओर से आ रहा था और ट्रॉली में शटरिंग का सामान लदा था। उन्हें चालक के निवास स्थान की जानकारी नहीं है। परिवार ने पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक बच्चे की दादी शीला ने बताया कि हादसे के समय उनका पोता घर के सामने खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। मृतक अभय तीन भाइयों में से एक था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
श्रावस्ती में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मासूम की मौत:लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ा, परिवार बोला आरोपी चालक साथ गया, लखनऊ से फरार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












