Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिद्धार्थनगर में हज-2027 के लिए आवेदन शुरू:20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म...

सिद्धार्थनगर में हज-2027 के लिए आवेदन शुरू:20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे इच्छुक लोग


सिद्धार्थनगर। हज-2027 की यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत आवेदक 22 जून से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट तथा मोबाइल एप्लीकेशन ‘हज सुविधा’ के माध्यम से किए जाएंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सिद्धार्थनगर ने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर करना अनिवार्य होगा। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद किसी प्रकार की छूट या समय विस्तार नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन (कुर्रा) प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद प्रोविजनल रूप से चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि जमा करनी होगी। हज यात्रा के इच्छुक आवेदकों को आवेदन से पहले हज-2027 की नीति और गाइडलाइन का अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। ऑनलाइन आवेदन के लिए मशीन रीडेबल अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा रद्द चेक तथा पते के प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा। पासपोर्ट आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी होना चाहिए तथा उसकी वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सिद्धार्थनगर ने स्पष्ट किया कि चयन के बाद यदि कोई आवेदक अपनी हज सीट निरस्त कराता है तो हज-2027 की गाइडलाइन के अनुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए केवल वही लोग आवेदन करें जो हज यात्रा पर जाने के लिए पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध हों। हज आवेदकों की सुविधा के लिए जनपद में पांच हज ई-सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें बैदौलागढ़ (डुमरियागंज) स्थित मदरसा अल जामेअतुल इस्लामिया खैरूल उलूम, नरकटहा (बांसी) स्थित मदरसा आइशा गर्ल्स कॉलेज, बढ़नी बाजार स्थित मदरसा जामिया अहले सुन्नत इशाअतुल इस्लाम, यूसुफपुर स्थित मदरसा दारूल हुदा तथा मटेहना-खण्डसरी स्थित मदरसा जामिया अहले सुन्नत इमदादुल उलूम शामिल हैं। इन केंद्रों पर हज आवेदन से संबंधित तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments