बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश असलम के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है। बौंडी थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही चोरी की वारदातों से हड़कंप मचा हुआ था। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने इन वारदातों को अंजाम देने वालों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे। बुधवार रात थाना प्रभारी टी.एन. मौर्य को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन बदमाश एक बाइक से खैरा बाजार इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी को दी। सूचना के बाद स्वाट टीम प्रभारी राकेश सिंह को भी मौके पर रवाना किया गया। रात करीब 11:30 बजे कोदही की तरफ से एक बाइक आती दिखी। पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लग गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान रामगांव थाना क्षेत्र के मेहराबाद निवासी असलम के रूप में हुई है। असलम पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट और अन्य अपराधों के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश के पास से 16 हजार नगद , दो जोड़ी पायल , आठ बिछिया के साथ एक अवैध तमंचा 315 बोर दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है। इसके साथ मौजूद दो अन्य फरार बदमाशों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है ।
बहराइच में पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़:25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, दो साथी फरार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












