वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंप के झटकों ने भारी तबाही मचा दी। पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का और दूसरा 7.5 तीव्रता का बताया जा रहा है। दोनों भूकंपों का केंद्र राजधानी काराकास से करीब 168 किलोमीटर दूर मोरोन शहर के पास था।
भूकंप के तेज झटकों से काराकास समेत कई शहरों में इमारतें हिल गईं और कुछ जगहों पर इमारतें ढह गईं। अचानक आए झटकों के बाद लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में सड़कों पर धूल का गुबार फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने बताया कि इस आपदा में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि नुकसान का पूरा आकलन अभी किया जा रहा है। प्रशासन ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी का अलर्ट भी जारी किया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। सेना, पुलिस और आपदा राहत दल मिलकर मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। कई जगहों पर इमारतों के ढहने के कारण मलबा जमा हो गया है, जिससे बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय मदद की पेशकश
इस भीषण आपदा के बाद अमेरिका सहित कई देशों ने वेनेजुएला की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। सरकार का कहना है कि प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाना है।भूकंप के बाद हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं और लगातार झटकों की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।












