नगर पंचायत इकौना स्थित बस स्टॉप और उससे जुड़ी सड़कों की बदहाल स्थिति से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने सड़क निर्माण तथा बस स्टॉप के समुचित संचालन के लिए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बस स्टॉप तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। वहीं, इकौना बाईपास को जोड़ने वाली सड़क भी जर्जर अवस्था में है। सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टॉप परिसर में भी रेत और गंदगी का ढेर लगा रहने से यात्रियों को असुविधा होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित साफ-सफाई नहीं होने से परिसर में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे पर कांग्रेस जिला महासचिव एहसान चौधरी, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष आलमगीर समेत कई व्यापारियों ने चिंता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क और बस स्टॉप की स्थिति खराब बनी हुई है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सोनी बिग बाजार, महेश प्रिंटर्स, इदरीसी मेडिकल स्टोर और आस्था मोबाइल शॉप सहित अन्य व्यापारियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बस स्टॉप तक जाने वाली सड़क और बाईपास मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए। साथ ही बस स्टॉप परिसर की नियमित सफाई और समुचित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इकौना के सड़क पर गड्ढे:बस स्टॉप पर गंदगी का अंबार; व्यापारियों ने की निर्माण की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












