HomeHealth & Fitnessमहिला पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

महिला पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के मानकनगर थाना क्षेत्र में महिला पर जानलेवा चाकू से हमला करने और बीच-बचाव करने आए युवक को गंभीर रूप से घायल करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को रायबरेली से, जबकि उसके भाई को मानकनगर क्षेत्र से दबोचा गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे मानकनगर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को गांव के ही रहने वाले विकास यादव ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उसने पहले महिला का गला पकड़कर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर जब एक युवक उसे बचाने के लिए आगे आया तो विकास यादव ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। युवक के सीने पर वार होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के दौरान आरोपी का भाई शिवम यादव उर्फ शिवा यादव और उसके दो अन्य साथी भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने पीड़ितों को धमकाया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर मानकनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास यादव को 27 जून की रात रायबरेली से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 28 जून को सह-अभियुक्त शिवम यादव उर्फ शिवा यादव को मेहंदीखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मुख्य आरोपी विकास यादव पर मारपीट और धमकी देने के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शिवम यादव के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments