HomeHealth & Fitnessपूर्वी सिंहभूम में चाकूबाजी से युवक की मौत, ड्यूटी में लापरवाही पर...

पूर्वी सिंहभूम में चाकूबाजी से युवक की मौत, ड्यूटी में लापरवाही पर 3 पुलिसकर्मी निलंबित

पूर्वी सिंहभूम। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में करनी सेना के सरायकेला युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की मौत के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है।

घटना के दौरान ड्यूटी में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) रतन कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) राजेश कुमार रंजन तथा आरक्षी संख्या-913 मनोज कुमार शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय इनकी ड्यूटी मौके पर थी और प्रथम दृष्टया कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है।

इधर, हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलते ही सोमवार देर रात शहर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में लोग बिष्टुपुर के रीगल गोलचक्कर पर जुट गए और सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने सिटी एसपी ललित कुमार मीणा की सरकारी गाड़ी सहित पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन में तोड़फोड़ की। कई अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया और सड़क पर आगजनी कर विरोध जताया गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी ललित कुमार मीणा, डीएसपी मनोज ठाकुर समेत कई वरीय अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद देर रात लगभग तीन बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस का कहना है कि हत्याकांड की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

साथ ही, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments