बहराइच के विशेश्वरगंज क्षेत्र में विकास कार्यों की पोल खोल दी है। गोंडा-बहराइच राजमार्ग से मन्नीटांड तिराहे को खानपुर मल्लोह सहित दो दर्जन से अधिक गांवों से जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग जलमग्न हो गया है, जिससे हजारों लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बीती रात हुई बारिश के बाद सड़क पर कई स्थानों पर पानी भर गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और हल्की बारिश में भी यहां जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग ने इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। विभाग के अवर अभियंता (जेई) सत्यवान यादव ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क का निर्माण पूरा होना अब संभव नहीं है। यह स्थिति तब सामने आई है जब शासन स्तर से बरसात शुरू होने से पहले सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। यह मार्ग क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग और उच्च अधिकारियों से कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय ग्रामीणों अजीत पाण्डेय, लल्ला बाबा, लालमणि, धर्मेंद्र पाल, ननकऊ, सन्नो बाबा, दिनेश कुमार, विकास द्विवेदी, राममूर्ति, अजय गोस्वामी, कमलेश सोनी, पवन कुमार यादव, राजेश विश्वकर्मा, धनलाल विश्वकर्मा, सतीश चौधरी सहित कई लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
पहली बारिश में मन्नीटांड-खानपुर मल्लोह सड़क जलमग्न:आवागमन बाधित, ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












