भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक गुट) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बस्ती जिले की हर्रैया तहसील परिसर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय पंचायत का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार अभय राज को सौंपा। भाकियू जिलाध्यक्ष गौरी शंकर चौधरी ने कहा कि संगठन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के अन्नदाताओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसील उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश दूबे ने तहसील में बढ़ते भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तहसील प्रशासन और कर्मचारियों को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने की नसीहत दी और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। तहसील अध्यक्ष रामपाल सिंह ने कई प्रमुख मांगें उठाईं। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा देवनाथपुर, पो नंदकुआं के भूखंड संख्या 394बी पर स्टेडियम का निर्माण तुरंत किया जाना चाहिए। इसके अलावा, ग्राम चिपरा कलां में प्लॉट संख्या 360 पर जलभराव वाले गड्ढे को खाली कराने के उच्च न्यायालय के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। रामपाल सिंह ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में अनियमितता का मुद्दा भी उठाया, जहां किसानों को बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पहले की तरह एजेंटों द्वारा सभी छोटे-बड़े बाजारों में गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों को शिक्षण कार्य के अलावा अन्य कर्तव्यों से मुक्त करने और उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में एक समान पुस्तक व वर्दी प्रणाली लागू करने की मांग की। फैजाबाद के सरयू नहर प्रभाग में स्थित राजवाहा हर्रैया नहर के पानी से पिपरा काजी और अन्य गांवों में सैकड़ों बीघा जमीन डूबने का मुद्दा भी उठाया गया, जिसके लिए जांच और मुआवजे की मांग की गई। भाकियू कार्यकर्ताओं ने हर्रैया तहसील के अंतर्गत धारा 34 के तहत कई पुरानी फाइलों के लंबित होने पर भी चिंता व्यक्त की। इस दौरान राजेंद्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष महेंद्र चौधरी, विनोद चौधरी, बलराम चौधरी बबलू चौहान, राधेश्याम, दुबौलिया के राधेश्याम चौधरी, तहसील महासचिव सीताराम चौधरी और रामचंद्रर सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
हर्रैया तहसील पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन:किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार को लेकर सौंपा ज्ञापन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











