लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, गोमती नगर विस्तार में शुक्रवार को प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुए अधिकारियों के लिए पिपिंग सेरेमनी (Pipping Ceremony) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने पदोन्नत अधिकारियों को रैंक लगाकर सम्मानित किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुल 28 अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की गई, जिनमें प्रमुख रूप से कमल किशोर, सुरेश चन्द्र रावत, शुएब इकबाल, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, राजकुमार, महेश सिंह अत्रि, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद, हरेन्द्र प्रताप यादव, बंशराज सिंह यादव, डॉ. कृष्ण गोपाल, मधुबन कुमार सिंह, कपिलदेव सिंह, बलवंत कुमार चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चन्द्र त्रिपाठी, पूर्णेन्दु सिंह, हरेन्द्र कुमार, मार्तण्ड प्रकाश सिंह, अभयनाथ त्रिपाठी, और पवित्र मोहन त्रिपाठी शामिल रहे।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जहां भी तैनात हों, वहां पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की एक गौरवशाली परंपरा रही है, जिसे आगे बढ़ाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। डीजीपी ने उम्मीद जताई कि सभी पदोन्नत अधिकारी अपने कार्यों से विभाग की प्रतिष्ठा को और मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह में पदोन्नत अधिकारियों के परिवारजन भी मौजूद रहे और उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी जताई।












