लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में एक सीआईएसएफ हेड कांस्टेबल के बंद मकान में लाखों की चोरी हो गई। चोरों ने घर से 10 लाख रुपये से अधिक के गहने, हजारों की नकदी और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चुरा लिया। घटना का पता शुक्रवार सुबह चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची हेड कांस्टेबल की पत्नी बिखरे सामान देखकर फूट-फूटकर रोने लगी।
मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के धवरिया साध गांव के मूल निवासी निखिलेश कुमार सिंह बिजनौर थाना क्षेत्र के न्यू हनुमंत नगर में अपने तीन मंजिला मकान में परिवार सहित रहते हैं। निखिलेश वर्तमान में देहरादून एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह 30 जून को अपनी पत्नी सीमा सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने पैतृक गांव मऊ गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे निखिलेश के घर के सामने रहने वाले पड़ोसी ने तीसरी मंजिल के दरवाजे खुले देखे।
उन्होंने तुरंत निखिलेश को इसकी सूचना दी। घर पहुंचने पर निखिलेश ने पाया कि तीसरी मंजिल की छत पर बने कमरे की खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल निकली हुई थी। घर की छानबीन करने पर निखिलेश को सभी कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला। ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे में अलमारी का ताला टूटा हुआ था, जबकि दूसरे कमरे में वार्डरोब, दीवान और बेड खंगाले गए थे। चोरों ने चांदी के तीन सिक्के, तीन तोला सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठी, दो सेट सोने के झाले, चार पीस सोने की कान की बाली, एक तोले की सोने की चेन, चार सेट चांदी की पायल, जमीन रजिस्ट्री की कॉपी, चार पीस सोने की नाक कील और 3 हजार रुपये की नगदी के साथ कैमरे का डीवीआर भी चुरा लिया।
निखिलेश ने बिजनौर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। अंदाजा लगाया जा रहा है कि निखिलेश के घर के बगल निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान के रास्ते ही चोर उनके घर में पहुंचे और इत्मीनान से पूरे घर को खंगाल। बाद में घटना अंजाम देखकर फरार हो गए। फिलहाल निखिलेश की तहरीर पर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के सहारे चोरों का सुराग लगा रही है।











