श्रावस्ती। जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत विशनापुर ठेकरहना में शुक्रवार सुबह एक 12 वर्षीय बालक का शव गांव के बाहर नाले के पास भिलौर के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्षेत्राधिकारी इकौना पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, सोनवा थाना क्षेत्र के विशनापुर ठेकरहना निवासी लवकुश (12 वर्ष), पुत्र जगराम, बीती 1 जुलाई से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग नाले के पास पहुंचे तो उन्हें दुर्गंध महसूस हुई। तलाश करने पर बालक का शव भिलौर के पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।घटना की सूचना पर सोनवा थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा क्षेत्राधिकारी इकौना मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि बालक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।सोनवा थाना प्रभारी विष्णुदेव पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












