लखनऊ। मड़ियांव इलाके में साढ़े चार साल के अहम की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी मां के प्रेमी प्रशांत सिंह उर्फ गौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने बच्चे की बेरहमी से लात-घूंसों और करछी (पलटा) से पिटाई कर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने उसे मड़ियांव पुल के नीचे रेलवे लाइन के पास पकड़ा।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया 5 जुलाई को बच्चे के पिता कटरा दीवानखेड़ा उन्नाव दिनेश कुमार की तहरीर पर मड़ियांव थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एफआईआर में प्रशांत सिंह उर्फ गौरव सिंह और बच्चे की मां पूनम देवी को नामजद किया गया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करके पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
इस दौरान सोमवार को मड़ियांव थाना पुलिस नौबस्ता मोड़ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी प्रशांत सिंह मड़ियांव पुल के नीचे रेलवे लाइन के पास मौजूद है और भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गोसाईगंज अयोध्या निवासी प्रशांत सिंह उर्फ गौरव सिंह (26) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया उसने मासूम अहम की बेरहमी से लात-घूंसों और करछी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी पिछले पांच दिनों से बच्चे की पिटाई कर रहा था। आरोपी कानपुर में रहकर मजदूरी करता है। जिसका पूनम से करीब 8 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कई बार पूनम कानपुर उसके पास जाती थी। पांच दिन पहले ही गौरव लखनऊ आकर पूनम के कमरे पर रुका था।
इस दौरान में मासूम अहम दोनों के बीच बाधा बनता था। जिसके चलते गौरव पूनम के काम पर जाने के बाद बच्चे की पिटाई करता था। घटना वाले दिन भी यही हुआ था। वहां मामले में बच्चे की मां पूनम देवी भी नामजद है। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। अब उसकी संलिप्तता नहीं पाई गई है।












