- वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा पेश करेंगे 2026-27 का पूर्ण बजट।
- मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के दूसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट।
- बजट से आम जनता और विभिन्न क्षेत्रों को राहत की उम्मीद।
गुवाहाटी। 16वीं असम विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन आज सदन में बजट पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाले दूसरे कार्यकाल में वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा आज विधानसभा में वर्ष 2026-27 का पूर्ण बजट पेश करेंगे। सदन में वित्त मंत्री द्वारा पेश किया जाने वाले 2026-27 के पूर्ण बजट में आम जनता की उम्मीदों को पूरा करने की उम्मीद है।
ज्ञात हो कि बीते 06 जुलाई से शुरू हुआ बजट सत्र 31 जुलाई तक चलेगा। यह सत्र 16 कार्यदिवसों का होगा और इसमें कई महत्वपूर्ण विधेयक और मांगों पर चर्चा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 15वीं असम विधानसभा के अंतिम बजट (ग्रांट) सत्र में 17 फरवरी को वित्त मंत्री अजंता नेओग ने वित्तीय वर्ष के पहले चार महीनों (मार्च से जून) के लिए आवश्यक खर्च उठाने हेतु सदन में ग्रांट प्रस्तुत की थी।
आमतौर पर चुनाव के वर्ष में नई सरकार गठन होने तक सरकारी कामकाज चलाने के लिए पूर्ण बजट के बजाय अस्थायी ग्रांट ही लिया जाता है। पूर्ण बजट अनुमोदन न होने तक, अंतरिम अवधि के लिए सरकार में वित्तीय अव्यवस्था न उत्पन्न हो, इसके लिए ग्रांट (बजट) पेश किया जाता है।












