HomeHealth & Fitnessप्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पिटाई के बाद मौत, हत्या का...

प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पिटाई के बाद मौत, हत्या का आरोप; दो आरोपी हिरासत में, तीन टीमें जांच में जुटीं

कौशाम्बी। जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के महुवा खाड़ा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की कथित तौर पर युवती के परिजनों ने पकड़कर बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है।

जानकारी के अनुसार मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओसा गांव निवासी शिव प्रसाद का महुवा खाड़ा गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को शिव प्रसाद अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि युवक की जमकर पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद युवती के परिजनों ने ही युवक के घरवालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवती के परिजनों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि युवती का परिवार मृतक के रिश्तेदारी पक्ष से भी जुड़ा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। मामले को लेकर गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग घटना का कारण सामने आया है। मारपीट में घायल शिव प्रसाद की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई, जबकि युवती का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। वादी की तहरीर के आधार पर मंझनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments