HomeUncategorized62वीं वाहिनी भिनगा ने लगातार बरकरार रखा चैम्पियन बनने का गौरव, फाइनल...

62वीं वाहिनी भिनगा ने लगातार बरकरार रखा चैम्पियन बनने का गौरव, फाइनल में 42वीं वाहिनी बहराइच-I को 3-1 से दी शिकस्त

श्रावस्ती।62वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, भिनगा द्वारा 06 से 11 जुलाई 2026 तक आयोजित अंतर वाहिनी फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में मेज़बान 62वीं वाहिनी, भिनगा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 42वीं वाहिनी, बहराइच-I को 3-1 से पराजित कर लगातार अपना चैम्पियन खिताब बरकरार रखा।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ 62वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री अमरेंद्र कुमार वरुण एवं श्रावस्ती के अतिरिक्त जिला अधिकारी (प्रशासन) श्री ललित कुमार द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।
मैच के दौरान दोनों टीमों ने उच्च स्तरीय खेल कौशल, अनुशासन और अद्भुत टीम भावना का परिचय दिया। तेज़ आक्रमण, सटीक पासिंग, मजबूत रक्षा पंक्ति और बेहतरीन तालमेल ने पूरे मुकाबले को रोमांच से भर दिया। निर्धारित समय की समाप्ति पर 62वीं वाहिनी ने 42वीं वाहिनी बहराइच-I को 3-1 से पराजित कर लगातार चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया।विजेता टीम की इस शानदार सफलता में सहायक उप निरीक्षक (ASI) एम. किरन कुमार सिंह की कुशल कप्तानी, प्रभावी नेतृत्व, रणनीतिक सोच एवं खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में पूरी टीम ने आत्मविश्वास, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और जुझारू खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यादगार जीत दर्ज की
प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में आरक्षी बेनत तारो ने पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 14 गोल दागकर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार अपने नाम किया। उनकी तेज़ रफ्तार, सटीक फिनिशिंग और आक्रामक खेल शैली ने 62वीं वाहिनी की सफलता में निर्णायक भूमिका निभाई तथा वे प्रतियोगिता के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी बनकर उभरे।पुरस्कार वितरण समारोह में कमांडेंट श्री अमरेंद्र कुमार वरुण ने विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएँ जवानों में शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं आपसी समन्वय विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह, समर्पण और खेल भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया।उल्लेखनीय है कि 62वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, भिनगा द्वारा आयोजित यह अंतर वाहिनी फुटबॉल प्रतियोगिता 06 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न वाहिनियों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जवानों में शारीरिक फिटनेस, खेल भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आपसी समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments