अपर सचिव ने छात्र-छात्राओं से किये सामान्य ज्ञान के प्रश्न, बच्चों ने दिये उत्तर
शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने हेतु किये जाएं निरन्तर प्रयास-अपर सचिव

जो भी छात्र-छात्राएं पढ़ने में कमजोर है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए-अपर सचिव
श्रावस्ती । अपर सचिव, (समग्र शिक्षा), स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार/केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी नीति आयोग, श्री धीरज साहू ने विकास खण्ड जमुनहा के अन्तर्गत पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय जमुनहा का आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान अपर सचिव ने विद्यालय में अध्यापकों की उपस्थिति एवं नामांकन के सापेक्ष छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की जानकारी ली और प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि पंजीकृत छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करायें। उन्होने छात्र-छात्राओं को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता की जांच किया और छात्र-छात्राओं से उनके विषय से सम्बन्धित प्रश्न पूछे। इस दौरान उन्होने छात्र-छात्राओं से ब्लकबोर्ड पर गणित के प्रश्न हल कराये तथा हिन्दी व अंग्रेजी की किताबें भी पढ़वाई। उन्होने बच्चों से सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे, जिसका छात्र-छात्राओं ने उत्तर भी दिया। उन्होने छात्र-छात्राओं के आई0डी0 कार्ड, यूनिफार्म आदि चेक किये। उन्होने विद्यालय में छात्र-छात्राओं को दिये जा रहे मध्यान्ह भोजन की भी जानकारी ली। इसके अतिरिक्त अपर सचिव ने विद्यालय परिसर में किचन, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर जायजा लिया और सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने का दिया निर्देश विद्यालय में ही चल रहे आई0टी0सी0 कम्प्यूटर लैब का निरीक्षण किया। और क्लास में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत कर शिक्षण प्रक्रिया में प्रौद्योगिकी के उपयोग का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल सामग्री के उपयोग और छात्रों की सक्रियता के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिये। उन्होने स्मार्ट क्लास की कार्यप्रणाली, छात्रों पर इसके सकारात्मक प्रभाव और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। इसके अलावा अपर सचिव ने विद्यालय में बनी ’खगोल विज्ञान प्रयोगशाला’ का निरीक्षण किया। उन्होने सम्पूर्ण प्रयोगशाला का बारीकी से अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं से प्रोजेक्ट के विषय में प्रश्न कर जानकारी भी ली। जिस पर छात्र-छात्राओं ने बेहतर ढंग से अपर सचिव महोदय के प्रश्नों का उत्तर दिया।
अपर सचिव ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने हेतु निरन्तर प्रयास किये जाएं। प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि जो भी छात्र-छात्राएं पढ़ने में कमजोर है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि सभी बच्चों का समग्र विकास हो सके। उन्होने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि पीएम श्री विद्यालय में सभी व्यवस्थाएं शीर्ष प्राथमिकता से पूर्ण करायी जाएं, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
इस दौरान अपर सचिव ने विद्यालय में बने आंगनवाड़ी केन्द्र बरगदहा का भी निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित रखने का निर्देश दिया। उन्होने विद्यालय में बच्चों हेतु खेल किट, पोषाहार एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, उपजिलाधिकारी जमुनहा ए0के0 राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव, खण्ड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।












