#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के भानपुर तहसील के दसिया ग्राम में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण को रोकने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी भानपुर के माध्यम से यह ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों ने विरोध जताने के लिए अपने खून से एक पत्र लिखकर प्रधानमंत्री को भेजा। उनका कहना है कि यह कदम अपनी कृषि भूमि, पर्यावरण और बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए उठाया गया है। सपा नेता जितेंद्र यादव ने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रस्तावित प्लांट से भूजल का गंभीर संकट पैदा हो सकता है। उनके अनुसार, फैक्ट्री के लिए भारी मात्रा में पानी का दोहन होगा, जिससे पहले से गिरता भूजल स्तर और नीचे चला जाएगा। इससे किसानों की खेती और आम जनता के लिए पीने के पानी का संकट खड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित फैक्ट्री से मात्र 200 मीटर की दूरी पर दो सरकारी स्कूल स्थित हैं। प्लांट से निकलने वाले धुएं, रसायनों और दुर्गंध से बच्चों और आसपास के 14-15 गांवों के निवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने स्थानीय जनसुनवाई या ग्रामवासियों की सहमति के बिना ही इस क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन यदि विकास किसानों की उपजाऊ जमीन और जनता के जीवन को प्रभावित करता है, तो ऐसे कदम का विरोध किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर फैक्ट्री निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में संजय यादव, राकेश कुमार, अरमान खान, विवेक चौधरी, विकास यादव, शिवसहाय चौधरी, कमल यादव, रंजीत चौहान, आशीष प्रजापति, मनोज चौहान, शशि जॉन, हितेश कुमार, रजनीश सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
भानपुर में ग्रामीणों ने खून से लिखा PM को पत्र:एथेनॉल फैक्ट्री रोकने की मांग, सपा उपाध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन।
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












