- हिंदू-मुस्लिम एकता बनाए रखने से ही देश और प्रदेश की तरक्की संभव: डॉ. एहसान
उतरौला (बलरामपुर )। उत्तर प्रदेश ‘जमीयत उलमा-ए-हिंद’ द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में ‘हिंदू-मुस्लिम इत्तेहाद कॉन्फ्रेंस’ (एकता सम्मेलन) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उतरौला विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी नेता एवं समाजसेवी डॉ. एहसान खान ने सहभागिता की, सम्मेलन की अध्यक्षता ‘जमीयत उलमा-ए-हिंद’ के सदर मौलाना अरशद मदनी ने की। मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि देश में सांप्रदायिकता को खत्म कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बढ़ाने की जरूरत है। तभी समाज और देश तरक्की कर सकेगा।

कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, विधि विशेषज्ञ, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया। उतरौला सपा नेता डॉ. एहसान खान ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुल्क में हिंदू-मुस्लिम एकता बनाए रखने से ही देश और प्रदेश की तरक्की संभव है। उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी धर्मों के मेहमानों का स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. अताउल्लाह खान, डॉ. रफीउल्लाह खान, कलीमउल्लाह, रिजवानउल्लाह, डॉ. वारिस खान सहित बड़ी संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












