चेन्नई। तमिल टीवी इंडस्ट्री को सोमवार को बड़ा झटका लगा। लोकप्रिय अभिनेत्री सुभाषिनी का निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने चेन्नई स्थित अपने आवास में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह कदम उन्होंने अपने जन्मदिन से कुछ दिन पहले उठाया।
सुभाषिनी ने सीरियल ‘कयाल’ और फिल्म ‘इनी अवन’ (2012) के जरिए दर्शकों में अपनी पहचान बनाई थी। वे मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली थीं और शॉर्ट फिल्म्स व सोशल अवेयरनेस वीडियो में भी काम कर चुकी थीं।
पुलिस ने उनके शव को मेडिकल जांच के लिए भेजा है और मामले की जांच जारी है। शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया गया है कि आत्महत्या से पहले सुभाषिनी का अपने पति से वीडियो कॉल पर विवाद हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि मानसिक परेशानी इस कदम का कारण हो सकती है।
सुभाषिनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं, उनके इंस्टाग्राम पर 4 लाख से अधिक फॉलोवर्स थे। 12 अप्रैल को उनका जन्मदिन था और 21 अप्रैल को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह थी। उनके निधन ने इंडस्ट्री और फैंस को गहरे शॉक में डाल दिया है।











