Homeजिला / लोकल (Local News)फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में झटके, मची अफरा-तफरी

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में झटके, मची अफरा-तफरी


12 यात्री और क्रू सदस्य घायल, 7 अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-2379 मंगलवार को भयानक टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। बीच उड़ान में अचानक आए भीषण झटकों के कारण 12 यात्री और चालक दल के सदस्य घायल हो गए। विमान में कुल 134 यात्री सवार थे। विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की, जहां घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एहतियातन एयरपोर्ट के पास स्थित मेडिकल सेंटर भेजा गया। साथ ही 7 यात्रियों को आगे के इलाज के लिए वसंत कुंज के फोर्टिस फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजन ढल्ल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उड़ान के क्रूज चरण के दौरान विमान को अचानक गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए विमान की ऊंचाई में बदलाव दर्ज किया गया। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गया और सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया।
घटना के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को चोटें आई हैं। हवाई अड्डे पर मेडिकल टीम ने सभी की जांच की और जरूरतमंदों को उपचार के लिए मेडिकल सुविधा में भेजा गया। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। विमानन कंपनी की एक समर्पित समन्वय टीम अस्पताल में भी मौजूद है, जो मरीजों के उपचार, दस्तावेजी प्रक्रिया, अन्य व्यवस्थाओं और उनके परिजनों से संपर्क बनाए रखने में अस्पताल प्रशासन के साथ समन्वय कर रही है।
फोर्टिस फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजन ढाल अस्पताल की तरफ से बताया गया है कि 7 घायल यात्रियों को आपातकालीन विभाग में भर्ती किया गया है। अस्पताल पहुंचते ही सभी मरीजों का तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कर उपचार शुरू किया गया। मरीजों की प्रारंभिक हालत स्थिर करने के बाद अस्पताल ने समन्वित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ‘कोड येलो’ लागू किया। इसके बाद मरीजों का चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार सीटी स्कैन, एमआरआई और एक्स-रे कराया गया तथा उन्हें आगे की निगरानी और उपचार के लिए वार्डों में स्थानांतरित किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का लगातार आकलन कर रही है।
तकनीकी टीम और संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। एयर इंडिया ने कहा कि वह जांच में सभी संबंधित एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। घटना के बाद यात्रियों ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उड़ान के दौरान अचानक विमान तेज झटकों से हिलने लगा। एक यात्री ने दावा किया कि करीब डेढ़ घंटे की उड़ान के बाद विमान दो से तीन मिनट तक लगातार ऊपर-नीचे होता रहा, जिससे कई यात्रियों के सिर ऊपर लगे सामान रखने वाले हिस्से से टकरा गए।
एक अन्य यात्री ने कहा कि अचानक विमान काफी नीचे चला गया, जिससे सीट पर बैठे कई यात्रियों के सिर ऊपर की छत से टकरा गए। कुछ यात्रियों ने बताया कि उस समय ऐसा महसूस हुआ जैसे विमान पलटने वाला हो, जिससे विमान के भीतर अफरातफरी का माहौल बन गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments