सिद्धार्थनगर जिले की शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 23 जून को की गई कार्रवाई में 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह खेप बस के माध्यम से नोएडा भेजी जानी थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने एक वीडियो बाइट जारी कर इस कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर निगरानी के तहत थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। तीन लोग मौके से भागने में सफल 23 जून को थाना प्रभारी बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ बेलगढ़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शौचालय के आसपास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की नजर पांच बड़े प्लास्टिक के बोरों के पास खड़े चार संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी। पुलिस टीम को देखकर चारों में अफरा-तफरी मच गई। तीन लोग मौके से भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने एक व्यक्ति को दौड़ाकर पकड़ लिया। 162 किलोग्राम गांजा बरामद पकड़े गए व्यक्ति की पहचान श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित पुत्र मनीराम निवासी ग्राम सारा, थाना फतेहगढ़, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने मौके पर रखे पांचों बोरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरों से कुल 28 पैकेटों में रखा गया 162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 85 लाख रुपये हो सकती है। बस से नोएडा भेजी जानी थी खेप गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में कई अहम जानकारियां दीं। उसने बताया कि बरामद गांजा उसके साथियों पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के सहयोग से नोएडा ले जाया जा रहा था। सभी लोग खेप को बस के माध्यम से गौतमबुद्धनगर पहुंचाने की योजना बना रहे थे। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही उसके तीनों साथी भाग निकले, जबकि वह पकड़ लिया गया। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी किसी संगठित तस्करी गिरोह की ओर इशारा करती है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजा कहां से लाया गया था और प्रदेश के किन-किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति की जानी थी। जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी पिंटू चौरसिया और सूर्य प्रकाश चौरसिया मूल रूप से शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के अयार गांव के निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के चोटपुर क्षेत्र में रह रहे हैं। तीसरे आरोपी अमन का पूरा विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों तक फैले हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपी श्यामू दीक्षित का आपराधिक इतिहास भी गंभीर पाया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी पिंटू चौरसिया पर एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों के अलावा हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, चोरी और अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए यह स्पष्ट है कि वे लंबे समय से अपराध और अवैध कारोबार से जुड़े रहे हैं। इसलिए इस मामले की जांच केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रखी जाएगी, बल्कि पूरे नेटवर्क की आर्थिक और आपराधिक गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना शिवनगर डिड़ई में मुकदमा अपराध संख्या 50/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक राजीव जी भट्ट, मुख्य आरक्षी जितेंद्र गौतम, मुख्य आरक्षी सुशील राय, आरक्षी सौरभ सिंह और आरक्षी अजय कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। खरीदारों की जानकारी जुटाई अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि बरामद गांजे की खेप के स्रोत, परिवहन मार्ग और इसके खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जा सके।
सिद्धार्थनगर में 85 लाख की गांजे की खेप पकड़ी गई:नोएडा भेजने की थी तैयारी, एक तस्कर गिरफ्तार, तीन फरार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












