श्रावस्ती जनपद के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के पाराबन गांव में एक बंद घर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात घर का ताला तोड़कर चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। यह घर गांव निवासी जमील का है। दरअसल जमील अपने परिवार के साथ बुधवार को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ससुराल भुजंगा गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात कमरे का ताला तोड़ा और घर में घुस गए। उन्होंने घर में रखे बक्से और अलमारी को तोड़कर गहने और नकदी चुरा ली। पीड़ित परिवार में जमील, उनकी पत्नी और एक बेटा रहते हैं, जो एक ही कमरे में निवास करते हैं। चोरी की सूचना मिलने पर परिवार ससुराल से घर लौटा।वहीं डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के मुताबिक जमील मुंबई में मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके माता-पिता नहीं हैं, और परिवार में केवल उनकी पत्नी और एक छोटा बेटा है। उनके चाचा के भाई और उनका परिवार भी गांव में रहता है। पीड़ित जमील ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। इस चोरी की घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
पाराबन गांव में बंद घर घर बना निशाना जेवरात-नकदी चोरी:परिवार के ससुराल जाने पर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया
RELATED ARTICLES












