Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)पुलिस पिटाई से युवक की मौत का आरोप:सपा प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को...

पुलिस पिटाई से युवक की मौत का आरोप:सपा प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिया, 50 हजार की सहायता

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित बैजलपुर गांव में युवक मनीष चौरसिया की कथित पुलिस पिटाई के बाद हुई मौत का मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। रविवार शाम समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। उन्होंने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया और 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। यह प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव के नेतृत्व में बैजलपुर पहुंचा था। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि यदि पुलिस ने विवेक और संवेदनशीलता से काम लिया होता तो मनीष चौरसिया आज जीवित होता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस निरंकुश हो रही है और थानों में गरीबों की सुनवाई नहीं हो रही है। विधायक ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि डायल-112 पुलिस की कथित पिटाई से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस मौके से चली गई। इसके बाद परिजन एंबुलेंस से मनीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर कैली अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान मनीष की मौत हो गई। प्रतिनिधिमंडल में विधायक राजेन्द्र चौधरी, कवीन्द्र चौधरी ‘अतुल’, जिला महासचिव मो. स्वालेह, महादेवा विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्याम नारायण शुक्ल ‘कक्कू’, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष राजेन्द्र चौरसिया, पूर्व प्रधान महेंद्र यादव और सुभाष यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल थे। सपा नेताओं ने दोहराया कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments