#बस्ती_न्यूज
उत्तर प्रदेश के कृषि एवं बस्ती जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार शाम करीब साढ़े पाँच बजे विकास खंड गौर अंतर्गत परसा तिराहे के पास स्थित ‘वर्मा खाद भंडार’ का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से दुकानदारों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कृषि मंत्री ने बिना किसी पूर्व सूचना के यह निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान के स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रसीदें और पीओएस (PoS) मशीनों का गहनता से मिलान किया। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मंत्री ने केवल रजिस्टर की जांच नहीं की, बल्कि रसीदों पर दर्ज किसानों के मोबाइल नंबरों पर खुद फोन करके सीधे फीडबैक लिया। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें निर्धारित दर पर ही खाद मिल रही है या नहीं। जांच के दौरान ओवररेटिंग की शिकायतों और व्यवस्था में ढिलाई सामने आई। इस पर कृषि मंत्री ने जिला कृषि अधिकारी (DAO) बाबूराम मौर्या को जमकर फटकार लगाई। साथ ही, एडीओ (ADO) कृषि राम ललन मिश्र को सख्त चेतावनी जारी की गई। मंत्री के सख्त रुख को देखते हुए, साथ मौजूद कृषि उपनिदेशक (DD Agriculture) बस्ती, अशोक कुमार ने दुकान में उपलब्ध यूरिया, पोटाश, जिंक सल्फेट और अन्य रसायनों के सैंपल लेकर जांच के लिए दर्ज किए। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सख्त लहजे में कहा कि प्रदेश सरकार की स्पष्ट नीति है कि हर किसान को उचित मूल्य पर, समय से और बिना किसी परेशानी के उर्वरक मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि ओवररेटिंग, जबरन टैगिंग या कोई भी गड़बड़ी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। निजी दुकान के निरीक्षण के बाद मंत्री शाही ने साधन सहकारी समिति बड़ेरिया कुंवर का भी जायजा लिया। उन्होंने समिति के सचिव अजय कुमार वर्मा से उपलब्ध स्टॉक और वितरण स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान समिति के अध्यक्ष परशुराम सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने समिति के विस्तारीकरण और सुधार के संबंध में कृषि मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, नायब तहसीलदार (गौर) शालिनी पटेल, एसएचओ मोती चंद राजभर और प्रभारी निरीक्षक (गौर) अतुल अंजान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
कृषि मंत्री शाही ने खाद दुकान का किया निरीक्षण:हर्रैया में ओवररेटिंग पर जिला कृषि अधिकारी को लगाई फटकार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












