Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)जल जीवन मिशन सड़क मरम्मत में अनियमितता का आरोप:सिद्धार्थनगर के बंजरहा बुजुर्ग...

जल जीवन मिशन सड़क मरम्मत में अनियमितता का आरोप:सिद्धार्थनगर के बंजरहा बुजुर्ग में घटिया काम, ग्रामीण नाराज


सिद्धार्थनगर के खेसरहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंजरहा बुजुर्ग में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के बाद सड़क मरम्मत कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि घटिया सामग्री के उपयोग से सड़क जल्द खराब हो रही है, जिससे उनमें नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बद्री के घर से तौलन के घर तक कराए गए आरसीसी मरम्मत कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। सड़क पर केवल सीमेंट का लेपन कर औपचारिकता पूरी की गई, जिसके कारण निर्माण के कुछ ही समय बाद गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क में पर्याप्त मोटाई और मजबूती नहीं दी गई है, जिससे यह जल्दी खराब हो रही है। इससे आवागमन में परेशानी बढ़ गई है और बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। गांव निवासी प्रकाश ने बताया कि सड़क की मरम्मत नाम मात्र की गई है और गिट्टियां उखड़ रही हैं, जो घटिया सामग्री के उपयोग का प्रमाण है। ग्रामीण परमात्मा ने भी कहा कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़क तोड़ी गई थी, लेकिन मरम्मत सही तरीके से नहीं हुई। तौलन ने जानकारी दी कि आरसीसी सड़क के नाम पर केवल ऊपरी लेपन किया गया है और यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो सड़क पूरी तरह टूट जाएगी। ग्रामीण राजू ने प्रशासन से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जल जीवन मिशन के अवर अभियंता अनिल कुमार त्यागी ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौके पर जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments