बिजनौर। जनपद के तहसील नजीबाबाद क्षेत्र के विकासखंड नजीबाबाद अंतर्गत ग्राम कामराजपुर, तिसोतरा, सबलपुर और बितारा में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों एवं कार्डधारकों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के राशन डीलर गरीब परिवारों को सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध नहीं करा रहे हैं, जिससे गरीबों का लगातार शोषण हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से प्रत्येक यूनिट पर 5 किलोग्राम खाद्यान्न दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन हकीकत में उपभोक्ताओं को केवल 4 से 4.5 किलोग्राम अनाज ही दिया जा रहा है। इस कटौती से हर परिवार को हर महीने नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब वे पूरा राशन मांगते हैं या इस अनियमितता का विरोध करते हैं, तो राशन डीलर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इतना ही नहीं, डीलर कथित तौर पर अधिकारियों के संरक्षण का हवाला देकर शिकायत करने पर भी कार्रवाई न होने की बात कहते हैं। इससे गरीब उपभोक्ताओं में भय और असहायता का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक तंगी और परिवार के भरण-पोषण की मजबूरी के चलते वे कम राशन लेने को विवश हैं। कई परिवारों के लिए सरकारी राशन ही जीवनयापन का मुख्य सहारा है, ऐसे में इस प्रकार की कटौती उनके सामने अतिरिक्त संकट खड़ा कर रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी राशन डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीबों को उनका पूरा हक मिल सके और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।












