HomeHealth & Fitnessएमपी एफएसएल भर्ती-2026 का अंतिम परिणाम घोषित, 97 अभ्यर्थियों का चयन

एमपी एफएसएल भर्ती-2026 का अंतिम परिणाम घोषित, 97 अभ्यर्थियों का चयन

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के अराजपत्रित सेवा (गृह/पुलिस) विभाग अंतर्गत प्रयोगशाला तकनीशियन, प्रयोगशाला सहायक एवं प्रयोगशाला परिचारक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चयन परिणाम गुरुवार को एमपी ऑनलाइन पर जारी कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 97 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है।

गौरतलब है कि शासन द्वारा 13 जनवरी 2026 को इन पदों पर भर्ती की स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसके उपरांत 10 मार्च 2026 को भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया। संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करते हुए मात्र 5 माह में अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत गठित चयन समिति द्वारा 14 एवं 15 जून 2026 को शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय, जहांगीराबाद, भोपाल में तीन पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के उपरांत 05 अगस्त 2026 को अंतिम चयन सूची जारी की गई।

अंतिम चयन सूची के अनुसार प्रयोगशाला तकनीशियन (Lab Technician) के 19 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसी प्रकार प्रयोगशाला सहायक (Lab Assistant) के 28 अभ्यर्थियों तथा प्रयोगशाला परिचारक (Lab Attendant) के 50 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। अभ्यर्थी अपना अंतिम परिणाम एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को नियमानुसार दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सीय परीक्षण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत नियुक्ति प्रदान की जाएगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नियुक्ति एवं दस्तावेज सत्यापन संबंधी आगामी सूचना के लिए समय-समय पर एमपी ऑनलाइन तथा मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जारी अधिकृत निर्देशों का अवलोकन करते रहें।

इस भर्ती से राज्य की न्यायलयिक विज्ञान प्रयोगशालाओं को प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध होगा, जिससे वैज्ञानिक साक्ष्य परीक्षण की गुणवत्ता, अपराध अनुसंधान की गति तथा न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments