लखीमपुर-खीरी,08 जून(तरूणमित्र)। थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम नकहा निवासी 15 वर्षीय किशोर अभी वर्मा पुत्र दीपक वर्मा के घर से अचानक लापता हो जाने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की और कुछ ही घंटों में किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार, अभी वर्मा 07 जून 2025 को सुबह करीब 11 बजे माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से कहीं चला गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद 08 जून 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे किशोर के पिता दीपक वर्मा ने चौकी प्रभारी नकहा को सूचना दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की सकुशल बरामदगी अभियान के तहत पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने परिजनों को साथ लेकर रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मंदिरों, बाजारों और आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया। तलाश के दौरान सूचना मिली कि राजापुर क्षेत्र स्थित वीर बाबा मंदिर के पास एक किशोर बैठा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने किशोर की पहचान अभी वर्मा के रूप में कर उसे सकुशल बरामद कर लिया। परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि होने के बाद किशोर को उनके सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि माता-पिता की डांट से नाराज होकर वह घर से चला गया था और वीर बाबा मंदिर के पास बैठा रहा। उसने किसी प्रकार की आपराधिक घटना अथवा अपहरण जैसी किसी बात से इनकार किया। किशोर के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
-उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार वर्मा,चौकी प्रभारी नकहा
– आरक्षी सचिन यादव
– आरक्षी आदर्श कुमार
– आरक्षी चेतन कुमार












