श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक घटना सामने आई, जहां भिनगा से पेशी कर घर लौट रहे दो बाइक सवारों पर हमला किया गया। इस हमले में ग्राम भुतना निवासी भल्लू (35 ) पुत्र सुल्तान खान और ग्राम रानीपुर भेला निवासी टेढ़े (44 ) पुत्र हकीम गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से भिनगा से लौट रहे थे। रानीपुर चौबेपुरवा गांव के पास पहुंचते ही, पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। घायलों ने बताया कि उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया गया, जिसके बाद कई लोगों ने मिलकर मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहले भुतना पहुंचाया गया। वहां से परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल भिनगा ले गए। जहाँ पर, दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल भल्लू ने बताया कि हमलावरों से उनका भूमि विवाद चल रहा है और इसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया। पीड़ितों ने वसीम, पंकज तिवारी और दयाराम पर कथित हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। घायल टेढ़े ने बताया कि हमला अचानक हुआ और कई लोग इसमें शामिल थे, जिसके दौरान वह बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिरसिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
श्रावस्ती में पेशी से लौट रहे बाइक सवारों पर हमला:जमीन विवाद में धारदार हथियार से हमले में गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी
RELATED ARTICLES












