HomeHealth & Fitnessहिंदी भाषियों के खिलाफ भड़काऊ बयान देने वाले बांग्ला पक्ष संस्थापक गर्ग...

हिंदी भाषियों के खिलाफ भड़काऊ बयान देने वाले बांग्ला पक्ष संस्थापक गर्ग चटर्जी गिरफ्तार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में हिंदीभाषियों के खिलाफ आक्रामक बयानबाजी और विवादित अभियानों को लेकर लगातार चर्चा में रहने वाले संगठन बांग्ला पक्ष के संस्थापक गर्ग चटर्जी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उन्हें कोलकाता के देशप्रिय पार्क इलाके से हिरासत में लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके पास से 24 राउंड कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कारतूस उनके पास कैसे पहुंचे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत जांच जारी है और गर्ग चटर्जीसे पूछताछ की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि ‘बांग्लापक्ष’ लंबे समय से सोशल मीडिया पर गैर-बांग्लाभाषी, विशेषकर हिंदीभाषी समुदाय के खिलाफ उग्र टिप्पणियों और क्षेत्रीय भावनाओं को भड़काने वाले अभियानों को लेकर विवादों में रहा है। संगठन पर राज्य में भाषाई विभाजन पैदा करने और बाहरी बनाम स्थानीय की राजनीति को हवा देने के आरोप लगते रहे हैं। कई बार संस्था के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर तीखी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई थीं।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही है कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान गर्ग चटर्जी और उनके संगठन के कुछ नेताओं के सत्ता प्रतिष्ठान से करीबी संबंध थे। हालांकि इस संबंध में कभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। गिरफ्तारी और कारतूस बरामदगी की घटना के बाद राज्य की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments