मिहींपुरवा (बहराइच) में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सोमवार को तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) क्षेत्र के किसानों की छह प्रमुख समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन का आरोप है कि फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान कई किसानों की खतौनी में नाम और विवरण संबंधी त्रुटियां हैं, जिसके कारण उनकी रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि लेखपाल इसी के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। यूनियन ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में तहसील क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के नाम पर किसानों से धन वसूली करने वाले लेखपाल जितेंद्र सिंह के खिलाफ भी जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, भारतीय किसान यूनियन ने मक्का फसल सत्यापन के लंबित मामलों, विशेषकर ग्राम अड़गोड़वा से संबंधित प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारित करने की मांग उठाई। संगठन ने अवैध बालू और मिट्टी खनन पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की है। किसानों ने सहकारी समितियों पर यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, साथ ही इसकी कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की। मोतीपुर विद्युत उपखंड में लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या का समाधान भी ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगों में से एक था। संगठन के जिला उपाध्यक्ष सरदार जितेंद्र सिंह विर्क ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मोतीपुर इकाई किसानों के हित में तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देगी। इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष शेख सहनवाज, गुरवंत सिंह चीमा, मलकीत सिंह विर्क, गुरु प्रताप सिंह, मोइन अहमद, अकरम खान, गुरवंत विर्क सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
BKU टिकैत ने SDM को सौंपा ज्ञापन:बहराइच में किसानों की 6 समस्याओं पर, एक सप्ताह में धरने की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












