Homeजिला / लोकल (Local News)वेदांता लिमिटेड पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, कई मजदूरों की मौत और...

वेदांता लिमिटेड पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, कई मजदूरों की मौत और दर्जनों घायल


सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता लिमिटेड के सिंघीतराई पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। प्लांट में लगे बॉयलर के अचानक फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई।

हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। शुरुआती जानकारी में 30 से 40 मजदूरों के घायल होने की बात सामने आई, जबकि पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार कम से कम 4 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। कुछ अन्य घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

यह घटना डभरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह प्लांट में काम चल रहा था, तभी दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में विस्फोट हो गया। प्रारंभिक जांच में ट्यूब फटने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

करीब 11 घायलों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि लगभग 15 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान 5 और लोगों की मौत की खबर सामने आई है।

हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा मृतकों और घायलों के आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया चल रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments