#बस्ती_न्यूज
बस्ती में जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना के निर्देश पर मंगलवार को रुधौली-बखिरा मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सड़क की पटरियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया, जिससे मार्ग अतिक्रमण मुक्त हो गया। रुधौली थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगी फल, सब्जी, खिलौना सहित अन्य अस्थायी दुकानों को हटाया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार अपना सामान समेटते दिखे। प्रशासन ने यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर की। शिकायतें थीं कि सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती थी, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अभियान के दौरान पटरी पर खड़े वाहनों का भी चालान किया गया। पुलिस ने अतिक्रमण करने वालों को धारा 34 के तहत नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी। उन्हें बताया गया कि भविष्य में दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश और उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश के निर्देशन में टीम ने काम किया। नायब तहसीलदार नीरज सिंह भी उपस्थित रहे। अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकुमार, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक एजाज अहमद, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र दुबे, गोविंद राव, कांस्टेबल अतुलेंद्र यादव, अनुभव यादव, पंचदेव, रत्नेश कुमार सहित सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क पर दोबारा कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
रुधौली-बखिरा मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान:जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
RELATED ARTICLES












