श्रावस्ती के इकौना में राष्ट्रीय राजमार्ग-730 जाम करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। भगवानपुर बनकट स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने हुए इस प्रदर्शन के बाद 13 नामजद और लगभग 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना गुरुवार सुबह हुई, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस के अनुसार, यह जाम पेट्रोल-डीजल वितरण में अव्यवस्था और अपनी सुविधा अनुसार ईंधन न मिलने से नाराज लोगों द्वारा लगाया गया था। सुबह करीब 10 बजे प्रदर्शनकारियों ने अचानक हाईवे पर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने यूकेलिप्टस की बल्लियां रखकर सड़क को चारों तरफ से घेर लिया और बीच सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। कुछ प्रदर्शनकारी दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को रोक रहे थे, जिससे बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रामदुलार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। शुरुआत में प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं थे, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत, समझाइश और हल्के दबाव के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। इस दौरान भीषण गर्मी में फंसे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। राजेश उर्फ राजू, मुकेश, बड़कऊ, राकेश, प्रदीप, अल्ताफ, जीवनलाल, ननकू, अर्जुन उर्फ बबलू, चिरागी, राजकुमार उर्फ राजा, दिनेश और अजित यादव सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
NH-730 जाम करने पर केस दर्ज:13 नामजद और 15 अज्ञात लोगों पर हुई कार्रवाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












