HomeHealth & Fitnessगुडंबा में चेन स्नैचिंग का खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

गुडंबा में चेन स्नैचिंग का खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। गुडंबा थाना पुलिस और डीसीपी पूर्वी की सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की पीली धातु की दो टूटी हुई चेन, 1,760 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, गुडंबा थाना क्षेत्र में राह चलते लोगों से चेन स्नैचिंग की दो घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना दो अगस्त की रात करीब 11 बजे जानकीपुरम के सेक्टर-एच स्थित एसबीआई रोड पर हुई थी। इस मामले में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के सेवानिवृत्त उपमहानिदेशक अशोक कुमार की तहरीर पर चार अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि ई-स्कूटी सवार दो लोगों ने उनकी सोने की चेन छीन ली थी।दूसरी घटना 16 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे टेढ़ी पुलिया के पास हुई थी। इस मामले में प्रिया जोशी की तहरीर पर 17 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि ई-स्कूटी सवार दो लोगों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली थी।

कुकरैल जंगल के पास पकड़े गए

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को उपनिरीक्षक दिग्विजय यादव पुलिस टीम के साथ चेन स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े आरोपियों और माल की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग में शामिल दो युवक सिल्वर रंग की ओला स्कूटी से स्कार्पियो क्लब के आगे कुकरैल जंगल की ओर जाने वाली सड़क के किनारे खड़े हैं। दोनों चोरी की चेन बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में थे और दोबारा वारदात करने की फिराक में थे।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपियों ने स्कूटी से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में लारेब जैदी उर्फ सोनू के पास से एक टूटी हुई पीली धातु की चेन और 1,100 रुपये नकद मिले। वहीं अभिनव मौर्या के पास से एक टूटी हुई पीली धातु की चेन और 660 रुपये नकद बरामद हुए।पुलिस ने बरामद चेन को गुडंबा थाने में दर्ज दोनों चेन स्नैचिंग के मामलों से संबंधित पाया। इसके बाद दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। दोनों आरोपियों को 19 अगस्त की रात करीब 11:35 बजे गिरफ्तार किया गया।

स्कूटी चलाता था एक आरोपी, दूसरा झपटता था चेन

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों मिलकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। एक आरोपी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाता था, जबकि दूसरा राह चलते लोगों के गले से चेन झपट लेता था। इसके बाद चोरी की गई चेन बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों अपने व्यक्तिगत खर्च में इस्तेमाल करते थे।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने यह भी बताया कि 19 अगस्त को वे एक और वारदात करने की तैयारी में थे। उनके पास पहले से छीनी गई चेन मौजूद थी और वे उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपी रैपिडो चालक

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लारेब जैदी उर्फ सोनू (27) और अभिनव मौर्या (24) के रूप में हुई है। दोनों लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पुलिस के अनुसार रैपिडो चालक हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की दो टूटी हुई चेन, 1,760 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी संख्या UP32QH0678 बरामद की है।दोनों आरोपियों के खिलाफ गुडंबा थाने में दर्ज मुकदमों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular