Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)छोटकी पेंडारी बुजुर्ग संपर्क सड़क जर्जर:मरम्मत न होने से राहगीर परेशान, जलभराव...

छोटकी पेंडारी बुजुर्ग संपर्क सड़क जर्जर:मरम्मत न होने से राहगीर परेशान, जलभराव की समस्या


खेसरहा (सिद्धार्थनगर)। विकासखंड खेसरहा क्षेत्र में बांसी-धानी मार्ग से छोटकी पेंडारी बुजुर्ग को जोड़ने वाला पिच मार्ग कई वर्षों से मरम्मत के अभाव में बदहाल स्थिति में है। सड़क जगह-जगह टूटकर गड्ढों में बदल गई है, जिससे बरसात के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क पर पानी भरा रहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की कई वर्षों से मरम्मत नहीं कराई गई है। बीच-बीच में बने गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है, जिससे सड़क और तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है। ग्रामीण अजय ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण उन्हें रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। बरसात में गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अशोक ने जानकारी दी कि कई वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान कई बार इस ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गंगेश्वर के अनुसार, जल निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे राहगीरों को काफी कठिनाई होती है। विजय ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन इसकी बदहाल स्थिति के कारण लोगों को मजबूरी में जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है। ग्राम प्रधान शांति देवी के प्रतिनिधि राहुल पांडे ने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति और जलभराव की समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments