बिजनौर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद बिजनौर के विकासखंड अफजलगढ़ स्थित ग्राम आलमपुर गांवड़ी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विभाजन विभीषिका के पीड़ित परिवारों, पूर्व सैनिकों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता को दोहराया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों तथा 50 पूर्व सैनिकों एवं लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र प्रदान किए। इस ऐतिहासिक पहल को विस्थापित परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिधरी अधिकार मिलने से लाभार्थियों को भूमि पर वैधानिक स्वामित्व प्राप्त होगा और वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के वंचित, शोषित एवं जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। विभिन्न विभागों द्वारा चयनित 11 प्रेरणादायी लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘विदुर प्रेरणा कैफे’ सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सरकारी योजनाओं का सदुपयोग कर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है।
भूमिधरी अधिकार पत्र वितरण से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सरकारी योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में सांसद चंदन चौहान, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा क्षेत्राध्यक्ष श्री सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, विधायक सूची चौधरी, अशोक राणा, ओम कुमार, सुशांत सिंह, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।












