लखनऊ। मिशन रोजगार के तहत सोमवार को 21 विभागों में विभिन्न पदों पर 932 युवा शामिल हुए। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 के अंतर्गत चयनित युवाओं को सीएम योगी ने लोकभवन सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित किया। सीएम योगी ने नवचयनित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न करने के लिए उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग को बधाई दी।
चयनित अभ्यर्थियों की हौसला अफजाई करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो भी अधिकारी व कर्मचारी भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था में यूपी के अंदर काम कर लेगा, देश-दुनिया में उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। जो यूपी में सफल है, वह हर जगह सफल है, क्योंकि 25 करोड़ आबादी का यूपी अलग-अलग परिस्थितियों में काम करता है और सम-विषम परिस्थितियों में परिणाम भी देता है।
सीएम ने चयनित युवाओं से कहा कि यह आपके, माता-पिता, अभिभावक, पारिवारिक सदस्यों, मित्रों के लिए खुशी का पल है। आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार बनना चाहिए। जिस पारदर्शी तरीके से आपका चयन हुआ है,शासन भी सर्विस कालखंड के दौरान उसी पारदर्शी व शुचितापूर्ण कार्यपद्धति की अपेक्षा करता है। जो कार्य आज करना है, उसे आज ही करने की आदत डालनी पड़ेगी।
पहले 10 वर्ष में जो मेहनत कर पाएंगे, वह आपके आगे के 30-35 वर्ष के सेवाकाल व उसके बाद के कार्यकाल के लिए भी मजबूत नींव होगी। कहा कि शासन की मंशा, व्यवस्था और कार्ययोजना क्या है। उसे इंप्लीमेंट करने के लिए भर्ती आयोग व बोर्ड की कार्यपद्धति उदाहरण बनती है। सिफारिश और पैसे के लेन-देन से चयनित व्यक्ति प्रगति नहीं, दुर्गति कराएगा। 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में यही होता था।
वेरीफिकेशन होने दीजिए, नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे
सीएम ने चयनित युवाओं से कहा कि अब आपकी ट्रेनिंग होगी, फिर फील्ड में काम करने का अवसर मिलेगा। आप सभी सुखद अनुभूति कर रहे होंगे, क्योंकि कई लोगों को लगता था कि न जाने क्या होगा। हमने कहा कि एक बार वेरीफिकेशन होने दीजिए, नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। सीएम ने नियुक्ति पत्र वितरण के साथ ही आगे की प्रक्रिया बढ़ाने के लिए नियुक्ति व कार्मिक विभाग को भी धन्यवाद दिया। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना, ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, दयाशंकर सिंह, रविंद्र जायसवाल, बलदेव सिंह औलख, विजय लक्ष्मी गौतम, दानिश आजाद अंसारी आदि मौजूद रहे।
सीएम योगी के हाथों इन्हें मिला नियुक्ति पत्र…!
एसडीएम-37, डिप्टी एसपी-17, सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर)- 196, एआरटीओ-16, कोषाधिकारी/लेखाधिकारी- 22 जिला कमांडेंट होमगार्ड्स- 02, कारागार अधीक्षक- 01, खंड विकास अधिकारी- 72, जिला समाज कल्याण अधिकारी- 09, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी- 01, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी- 05, वाणिज्य कर अधिकारी- 142, जिला खाद्य विपणन अधिकारी-02, नायब तहसीलदार- 258 ,नेहा पांचाल (डिप्टी कलेक्टर)- नई दिल्ली, आकृति शुक्ला (पुलिस उपाधीक्षक)- प्रयागराज , निधि नागर (सहायक आयुक्त, राज्यकर)- गौतमबुद्ध नगर, निहारिका राय (राज्य कर अधिकारी)- शाहजहांपुर महेश विक्रम श्रीवास्तव (खंड विकास अधिकारी) मीरजापुर, श्रुति शुक्ला (जिला कमांडेंट होमगार्ड) बलरामपुर, पार्थ सारथी- (उपनिबंधक)- बिजनौर, आशीष सिंह- (जिला खाद्य विपणन अधिकारी) लखनऊ व अविनाश सागर- (सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी)- अयोध्या व प्रिया शर्मा-जिला पिछड़ा वर्ग शामिल है।












