श्रावस्ती के सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले की स्थिति जानने के लिए ब्लॉक जमुनहा के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कमियां पाए जाने पर सीएमओ ने कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। सीएमओ ने दोपहर 01:30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नासिरगंज का निरीक्षण किया। वहां ओपीडी में 43 मरीजों का पंजीकरण और उपचार हो चुका था। लैब में 14 जांचें और 4 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) दर्ज की गई थीं। निरीक्षण के दौरान एक आशा संगिनी ड्रेस कोड में नहीं मिलीं। साथ ही, कर्मचारी सावंत राव स्वामी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीएमओ ने स्पष्टीकरण मांगा। इससे पहले, दोपहर 12:30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हरदत्त नगर गिरंट का निरीक्षण किया गया। यहां कुल 21 मरीजों की ओपीडी हुई और 5 लैब जांचें की गईं। निरीक्षण के समय कई आशा बहुएं ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने जमुनहा स्वास्थ्य केंद्र पर भी आरोग्य स्वास्थ्य मेले की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाओं और जांच सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। डॉ. अशोक कुमार सिंह ने सभी चिकित्सा प्रभारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण इलाज और निशुल्क दवाएं अनिवार्य रूप से मिलें। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई और संक्रमण-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सीएमओ ने सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने और ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन करने के लिए भी कहा। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण किया:श्रावस्ती में ड्रेस कोड, अनुपस्थिति पर मांगा स्पष्टीकरण; गुणवत्ता पर जोर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












