श्रावस्ती के इकौना-भिनगा मार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भोजपुर गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव निवासी गोविंद (28) श्रावस्ती में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा देकर मंगलवार को बाइक से अपने घर लौट रहा था। दोपहर के समय जब वह इकौना थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर भोजपुर निवासी 13 वर्षीय करिश्मा अपने बहनोई जितेंद्र उर्फ जमुना शुक्ला (22) के साथ बाजार जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में करिश्मा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र उर्फ जमुना शुक्ला को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल भिनगा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं दूसरी ओर सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल गोविंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भी जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद मृतक किशोरी के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
श्रावस्ती में दो बाइकों की भिड़ंत, किशोरी की मौत:दो गंभीर घायल, खरीदारी करने जा रही थी बाजार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












