#बस्ती_न्यूज
कांग्रेस ने देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। बस्ती में मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश प्रवक्ता पुनीत पाठक ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। पुनीत पाठक ने केंद्र सरकार की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पुनीत पाठक ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है, जबकि केंद्र सरकार इस गंभीर विषय पर मौन है। पुनीत पाठक ने नीट परीक्षा के अलावा लेखपाल भर्ती, यूपीएसआई, पुलिस सिपाही भर्ती, आरओ-एआरओ, एसएससी जीडी और सहायक प्रोफेसर भर्ती जैसी कई परीक्षाओं में पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोप लगने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दबाव और विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार को कुछ मामलों में पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लेना पड़ा। छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने पेपर लीक और परीक्षा संबंधी तनाव के कारण विभिन्न राज्यों में छात्रों की मौतों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रहा है। चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लीक प्रश्नपत्रों के लिए अभ्यर्थियों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक वसूले गए। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और देशभर में 90 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के हितों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर देशव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान चलाने की घोषणा की। इस प्रेस वार्ता में साधू शरण आर्य, अलीम अख्तर, सुधीर यादव, राहुल चौधरी, प्रशांत पाठक, संजय कुमार, अवनीश पांडेय सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला:शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, छात्रों की मौतों पर जताई चिंता
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












