Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)हल्लौर बाजार में बकरों की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़:हल्लौर बाजार में...

हल्लौर बाजार में बकरों की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़:हल्लौर बाजार में 80 हजार रुपये तक बिक रहे बकरे, मंगलवार को गुलजार रहा बाजार


सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र का हल्लौर बाजार आगामी बकरीद पर्व से पहले पूरी तरह गुलजार है। पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी लोग कुर्बानी के लिए बकरे खरीदने पहुंच रहे हैं। इस बार हल्लौर बाजार में बकरों की कीमतें काफी बढ़ी हुई हैं। अच्छी नस्ल और भारी वजन वाले बकरे 40 हजार रुपये से लेकर 80 हजार रुपये तक में बिक रहे हैं। सामान्य बकरों की कीमतों में भी पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद खरीदारों का उत्साह बरकरार है और वे अपनी पसंद के बकरे खरीदने में लगे हैं। हल्लौर बाजार में मंगलवार को सफेद, काले आदि नस्ल के बकरों की सर्वाधिक मांग देखी गई। व्यापारियों द्वारा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपने बकरों को तरह तरह से सजाया गया था। कुछ व्यापारियों द्वारा तो कई बकरों पर रंग-बिरंगी झालरें और विशेष सजावट भी की गई थी। राजू, कलीम, लालू, कल्लू के अनुसार, बकरीद नजदीक आने के साथ ही बाजार में मांग लगातार बढ़ रही है। चारे और पशुपालन की बढ़ती लागत को कीमतों में वृद्धि का मुख्य कारण बताया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में बिक्री में तेजी आई है और आने वाले दिनों में भी भीड़ बढ़ने की संभावना है। बकरा खरीदने हल्लौर बाजार पहुंचे रियाज, अशरफ, मो. असलम ने बताया कि इतनी महंगाई के बावजूद, बकरीद पर्व की धार्मिक महत्ता को देखते हुए लोग अपनी क्षमता के अनुसार कुर्बानी के लिए बकरे खरीद रहे हैं। बाजार में बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार को बकरा खरीदारी के दौरान भीड़भाड़ के कारण हल्लौर बाजार में पूरे दिन रौनक बनी रही। बाजार की यह चहल-पहल दर्शाती है कि बकरीद को लेकर लोगों में उत्साह है और पर्व की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। बकरीद का पर्व गुरुवार को परम्परागत ढंग से मनाया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments