#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के दुबौलिया क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान (92.73 मीटर) से ऊपर बना हुआ है। कटरिया-चांदपुर तटबंध के पास स्थित खजांचीपुरवा गांव में नदी की तेज धारा सीधे टकराने से भीषण कटान शुरू हो गई है। नदी का जलस्तर लगातार ऊपर बने होने के कारण खजांचीपुरवा से लेकर खलवा गांव तक के लगभग दो किलोमीटर के दायरे में उपजाऊ जमीन, फसलें और पेड़ सीधे नदी में समाते जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, तेज कटान के चलते सरयू नदी अब घरों के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है। कई मकानों और छप्परों के कभी भी नदी में विलीन होने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। अपने आशियाने उजड़ते देख खजांचीपुरवा के परिवार अपने घरों से अनाज, जरूरी दस्तावेज, चारपाई और छप्पर उजाड़कर मुख्य कटरिया-चांदपुर तटबंध की तरफ सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। पूरा माझा क्षेत्र जलमग्न हो चुका है। मुख्य रास्तों पर 2 से 3 फीट तक पानी बह रहा है, जिससे लोग केवल नावों और मोटरबोट के सहारे ही आवागमन कर पा रहे हैं। बाढ़ खंड की टीम खजांचीपुरवा और कटरिया-चांदपुर तटबंध पर नदी के दबाव को कम करने के लिए युद्धस्तर पर बचाव कार्य कर रही है। मौके पर 100 से अधिक मजदूर तैनात हैं। नदी की थपेड़ों को रोकने के लिए कटान वाली जगहों पर लगातार बोल्डर, क्रेट, परक्यूपाइन और मिट्टी-बालू से भरे जियो बैग डाले जा रहे हैं। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार और सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती के सरयू नदी का खजांचीपुरवा में तेज कटान:घर नदी की जद में, कटरिया-चांदपुर तटबंध पर खतरा बढ़ा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












