श्रावस्ती जिले में मंगलवार दो अलग-अलग घटनाओं में 30 वर्षीय दो युवकों के शव फंदे से लटके मिले। घटनाएं इकौना और मल्हीपुर थाना क्षेत्रों में हुईं। दोनों मामलों में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले युवकों की पत्नियां अपने मायके गई हुई थीं। पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पहला मामला इकौना नगर के बस स्टॉप का है,जहां 30 वर्षीय सोनू का शव मंगलवार सुबह घर के अंदर फंदे पर लटका मिला।इकौना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार को मायके जाने को लेकर सोनू का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था,जिसके बाद पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी। सोनू अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता का निधन हो चुका है और मां सफाईकर्मी हैं। सोनू की तीन बेटियां और एक करीब सात वर्षीय बेटा है। वह नशे का आदी भी बताया जा रहा। पुलिस फिलहाल मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं कर पाई है। दूसरी घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिकारी चौड़ा के मजरा गणेशपुर में हुई। यहां 30 वर्षीय रामू कश्यप रविवार रात दिल्ली से घर लौटा था। उसकी पत्नी प्रिया देवी सोमवार को नागपंचमी का त्योहार मनाने नेपाल स्थित अपने मायके गई थी। मंगलवार को रामू बाहर घूमने के बाद अपने कमरे में गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसकी छोटी बहन रीना खाना देने पहुंची, तो दरवाजा बंद मिला। रामू की भाभी ने दरवाजे से झांककर देखा तो वह दुपट्टे के सहारे छत के छल्ले से लटका हुआ था। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। रामू के माता-पिता नहीं हैं। वह तीन भाइयों में मंझला था और उसकी दो बहनें हैं। परिवार के सभी भाई मजदूरी करते हैं। रामू की मौत के बाद उसकी पत्नी प्रिया देवी और तीन छोटे बच्चों चार वर्षीय कृति, तीन वर्षीय निकी और सात माह के रौनक के सामने परिवार की जिम्मेदारी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
श्रावस्ती में दो युवकों ने फंदा लगाकर जान दी:एक दिल्ली से घर लौटा था, दूसरे का पत्नी से हुआ था विवाद
RELATED ARTICLES












