बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में सरयू नहर में डूबे एक युवक का शव चौथे दिन मंगलवार को बरामद कर लिया गया है। यह शव गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र से मिला। युवक शनिवार को स्नान करते समय नहर में डूब गया था। जानकारी के अनुसार, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के भवानीपुर बनकट चौबे पुरवा निवासी 20 वर्षीय कुलदीप गोस्वामी अपने ननिहाल गोसाईपुर पेरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार को वह अपने साथियों के साथ श्रीनगर चौराहा स्थित सरयू नहर में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल युवक की तलाश शुरू की। अगले दो दिनों तक नहर में व्यापक खोज अभियान चलाया गया। नहर का जलस्तर भी कम कराया गया और विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। चौथे दिन मंगलवार को गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में रमवापुर गोविंदा गांव के पास सरयू नहर में एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर इटियाथोक पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। इटियाथोक थाना प्रभारी कमलकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव की पहचान विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के भवानीपुर बनकट चौबे पुरवा निवासी कुलदीप गोस्वामी के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बहराइच के युवक का शव गोंडा में मिला:चार दिन पहले सरयू नहर में डूबा था, शादी समारोह में ननिहाल आया था युवक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












