अमेठी। अमेठी जनपद में चार दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला का शव गुरुवार को नहर से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गुड़िया (40) पत्नी मोहम्मद इसरार निवासी भावापुर मजरे अहुरी, कोतवाली मोहनगंज के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, गुड़िया 27 जुलाई को अपनी दो बेटियों के साथ मायके आ रही थी। आरोप है कि रास्ते में उसकी ननद और नंदोई उसे अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए, जबकि दोनों बेटियां वहीं रह गईं।
बेटियों को इसके बाद अपनी मां के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में परिजनों को बताया गया कि गुड़िया ने नहर में छलांग लगा दी है।
सूचना पर मोहनगंज कोतवाली पुलिस ने तत्काल गोताखोरों की मदद से नहर में महिला की तलाश कराई, लेकिन लगातार प्रयास के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के चौथे दिन गुरुवार को जामो थाना क्षेत्र के गोरियाबाद पुल के पास नहर में एक महिला का शव बहता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया।
शव की पहचान ससुराल और मायके पक्ष के लोगों ने गुड़िया के रूप में की। महिला का शव मिलने के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
जामो थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












