#बस्ती_न्यूज
बस्ती-सिद्धार्थनगर सीमा पर स्थित आमी नदी पुल के नीचे गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुल के ऊपर सड़क किनारे उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलते ही रुधौली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराई। मृतक की शिनाख्त रुधौली थाना क्षेत्र के चैसार गांव निवासी सुनील चौधरी (30) पुत्र पाटेश्वरी चौधरी के रूप में हुई।
बताया जाता है कि सुनील चौधरी पेशे से खाना बनाने का काम करते थे और क्षेत्र में विभिन्न आयोजनों में कैटरिंग सेवा देते थे। वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी करीब 12 वर्ष पहले पथरा थाना क्षेत्र में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई समेत अन्य परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने सुनील चौधरी की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी कुलदीप सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
आमी नदी पुल के नीचे मिला युवक का शव:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, खाना बनाने का काम करता था
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












