#बस्ती_न्यूज
बस्ती में एक वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति सिंह और उनकी टीम ने एक अत्यंत दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण प्रसूति मामले में सफल ऑपरेशन कर एक महिला की जान बचाई है। महिला के गर्भ में एक ही दिल से जुड़े मृत जुड़वां भ्रूण थे और वह पहले ही चार बार सीजेरियन प्रसव करा चुकी थी। यह मामला थोराकोपैगस प्रकार के संयुक्त जुड़वां भ्रूण का था, जो चिकित्सा विज्ञान में अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। गर्भ में ही दोनों भ्रूणों की मृत्यु हो जाने के कारण प्रसूता के जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। जानकारी के अनुसार, परिजन शुरुआत में महिला को एक झोलाछाप चिकित्सक के पास ले गए थे। वहां सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया गया, जिससे महिला की हालत और बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचने पर जांच में संयुक्त जुड़वां मृत भ्रूण और महिला के पूर्व में हुए चार सीज़ेरियन प्रसवों की जानकारी सामने आई। चिकित्सकों ने इसे अत्यधिक जोखिमपूर्ण मानते हुए तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान पुरानी सीज़ेरियन सर्जरी के निशान, मृत संयुक्त जुड़वां गर्भ और अत्यधिक रक्तस्राव की आशंका जैसी कई गंभीर चुनौतियाँ थीं। इसके बावजूद, डॉ. कीर्ति सिंह और उनकी टीम ने कुशलतापूर्वक शल्यक्रिया पूरी कर प्रसूता का जीवन सुरक्षित बचा लिया। वर्तमान में महिला की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ हो रही है। डॉ. कीर्ति सिंह ने बताया कि थोराकोपैगस प्रकार के संयुक्त जुड़वां गर्भ के मामले अत्यंत दुर्लभ होते हैं। ऐसे मामलों में थोड़ी सी भी लापरवाही या उपचार में देरी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से नियमित जांच कराने तथा प्रसव केवल विशेषज्ञ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की देखरेख में कराने की अपील की। साथ ही, उन्होंने झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज न कराने की सलाह भी दी। इस सफल शल्यक्रिया को जिले की महत्वपूर्ण चिकित्सीय उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इतने जटिल मामले में मां की जान बचाना डॉक्टरों की दक्षता, अनुभव और समय पर लिए गए सही निर्णय का परिणाम है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
मृत जुड़वां भ्रूण गर्भ में एक दिल से जुड़े:बस्ती में चार सीजेरियन करा चुकी महिला की जटिल सर्जरी कर जान बची
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












